दोपहर

गर्मी की दोपहर है सूनी सी , अलसायी सी 
दिवस काल में छोटे से टुकड़े  की भाँति समायी सी
निस्तब्ध खड़ी मैं इस मोड़ पर किंचित सकुचायी सी
आँख नींद से मुंदी जाती , बीच-बीच में जग जाती
शैशव - स्मृतियाँ ज्यों प्रभातकाल की संग है मेरे थाती सी
प्रश्नय देती इस तीव्रता में , घात-प्रतिघात से बचा जाती
विश्व लिपिक की लेखनी लिखती , मैं केवल पात्र निभाती जाती
अर्ध निमीलित नैनों की पलकों पर सपना खेला है
समय के पन्ने पर फीकी स्याही सी दोपहर की बेला है 

Comments

Popular posts from this blog

सृष्टि रहस्य

लम्हे

चेहरा